दिया रेल प्रशासन को चुनौती
रिपोर्ट- पंकज सिंह
छपरा. छपरा वाराणसी रेल खंड के रेवती स्टेशन के पास शनिवार की रात्रि सारनाथ एक्सप्रेस में डकैतों ने तांडव मचाया । पुलिस सुरक्षा को चुनौती देते हुए सशस्त्र डकैतों ने स्लीपर बोगी में घुसकर यात्रियों से जमकर लूटपाट की और विरोध करने पर आधा दर्जन यात्रियों को जख्मी कर दिया । लुटेरे कट्टा से लैश थे । घायल यात्रियों को छपरा पहुंचने पर छपरा सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि ट्रेन में पहले से मौजूद अपराधी ने दुर्ग से छपरा आ रहीं डाउन सारनाथ एक्सप्रेस को रेवती स्टेशन और सुरेमनपुर के पास 38/07 किलोमीटर पर ट्रेन को चेन पुलिंग कर रोका और वहां पहले से मौजूद अपराधी ट्रेन में चढ़ गए और यात्रियों के साथ लूटपाट की और विरोध करने पर रोड और डंडे से मार कर यात्रियों को जख्मी कर दिया और हथियार लहराते हुए फरार हो गए। ट्रेन में मौजूद एस्कॉर्ट पार्टी के जवान जब तक प्रभावित बोगी में पहुंचे तब तक अपराधी फरार हो चुके थे। छपरा जंक्शन पहुंचने के बाद यात्रियों ने काफी हंगामा किया।लूटेरों ने एस-9 एस-10 और एस-11 बोगी में लूट-पाट किया । घायलों में ईसुआपुर थाना क्षेत्र के सहवा नवादा गाँव निवासी कृष्णा सिंह का पुत्र धर्मेद्र कुमार सिंह, नगर थाना क्षेत्र के रावल टोला निवासी स्वर्गीय पीएन दास का पुत्र संतोष चंद्र दास व दाउदपुर थाना क्षेत्र के कोहरा बाजार निवासी स्वर्गीय वीरेन्द्र प्रसाद का पुत्र रोहित कुमार, गोपालगंज निवासी बागेश्वर तिवारी के पुत्र दीपू कुमार तिवारी हैं । ट्रेन में एस्कार्ट में अरविंद कुमार यादव और अशोक कुमार यादव रेल पुलिस कांस्टेबल तैनात थें ।
