रिपोर्टर-पंकज कुमार सिंह

सारण. जिला के खैरा-नगरा मुख्य पथ अफौर के पास शनिवार की सुबह धुंध के कारण चार वाहनों की हुई टक्कर में एक ट्रक चालक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई. वहीं इस हादसे में आधा दर्जन लोग भी घायल हो गए. दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने खैरा नगरा मुख्य पथ को जाम कर प्रदर्शन किया. सभी घायलों को स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. मृत ट्रक चालक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के तेनुआ गांव निवासी विंंदा राय के 19 वर्षीय पुत्र पवन कुमार के रूप में की गई. घटना के संबंध में बताया जाता है कि पवन बालू लदे ट्रक को लेकर नगरा की तरफ आ रहा था. धुंध के कारण अफौर गांव के समीप सड़क पर खड़े ट्रक को नहीं देख पाने के कारण उस ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई, जिसके कारण घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई. जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने बुझाने के बाद जाम हटवाया.

वहीं रामपुर गांव के समीप एक ट्रक एवं मैजिक वाहन की टक्कर में चालक सहित आधा दर्जन सवारी घायल हो गए. सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां से कुछ घायल रेफर किए जाने के बाद निजी क्लिनिक में भर्ती कराये गए.

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.