मैरवा-: जन शिक्षा निदेशालय, यूनिसेफ एवं दीपायतन के तहत जिले के विभिन्न प्रखण्डों के टोलाठ सेवकों एवं तालिमी मरकजों का चार दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण पीटीसी मैरवा के सभागार में मंगलवार को सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। प्रथम चरण के पहले बैच में रघुनाथपुर, मैरवा व बसंतपुर के 43 शिक्षा सेवियों ने भाग लिया। वहीं दूसरे बैच के प्रशिक्षण में लकड़ी नबीगंज, दरौली एवं गुठनी के 42 टोला सेवकों व तालिमी मरकजों ने प्रतिभाग किया।

बतौर प्रशिक्षक विनोद कुमार (भोजपुर) एवं सुरेंद्र कुमार (पटना) ने विशेष कर अतिपिछड़े, अल्पसंख्यक एवं महादलित के छीजित बच्चों को हर हाल में स्कूल में पहुंचाने का प्रयास सुनिश्चित करने पर बल दिया। वहीं प्रशिक्षिका ज्योति मणि (जहानाबाद) एवं कंचन कुमारी (भोजपुर) ने अपने उद्बोधन में महिलाओं को साक्षरता केंद्र पर लाने, उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने एवं समाज में व्याप्त अंधविश्वासों व कुरीतियों के उन्मूलन हेतु शिक्षा सेवियों की भूमिका व कर्तव्य से रूबरू कराया।

अध्यक्षीय संबोधन में अपना उद्धार व्यक्त करते हुए त्रिलोकी नाथ चतुर्वेदी ने शिक्षा के वर्तमान परिपेक्ष्य में शिक्षा सेवियों की भूमिका को रेखांकित करते हुए सरकार द्वारा आयोजित संदर्भित प्रशिक्षण के उद्देश्य, महत्त्व, लाभ व विभिन्न कौशलों से लैस किया। उक्त अवसर पर दीपायतन के पदाधिकारी एवं प्रशिक्षण के व्यवस्थापक अवधेश के नारायण ने शैक्षिक क्रांति में शिक्षा सेवियों की भूमिका की सराहना की। उन्होंने बताया कि संदर्भित चुनौतीपूर्ण कार्यों को दृढ़ इच्छाशक्ति एवं सेवाभाव से ही किया जा सकता है।

गौरतलब है कि चार चरणों में संचालित इस प्रशिक्षण का शुभारंभ पीटीसी मैरवा के प्राचार्य रविन्द्र कुमार सिंह ने विगत शनिवार को दीप प्रज्ज्वलित कर किया था। उन्होंने प्रशिक्षुओं से प्रशिक्षण के दौरान सीखी हुई कौशल, विभिन्न गतिविधियों व अवधारणाओं को शिक्षा जगत में हु-ब-हु उतारने की कामना की थी।

बता दें कि दूसरे चरण के प्रशिक्षण में जीरादेई, हुसैनगंज, सिसवन, सीवान सदर व बड़हिया प्रखण्ड के टोला सेवक एवं तालिमी मरकज के प्रतिभागी भाग लेंगे। यह प्रशिक्षण 24 फरवरी से प्रारंभ होकर 27 फरवरी तक संचालित होगा। वहीं तिसरे चरण का प्रशिक्षण 28 फरवरी से 3 मार्च एवं अंतिम चतुर्थ चरण का प्रशिक्षण 6 से 9 मार्च तक चलेगा। जिसमें शेष प्रखण्डों के शिक्षा सेवी प्रतिभाग करेंगे।

मौके पर पटीसी मैरवा के ब्रजेश जी, प्रह्लाद जी, प्रभाकर जी के साथ उपेंद्र बैठा जरीना, फातमा, राबिया, दिलीप शंकर, जिला केआरपी विश्व मोहन कुमार सिंह, वीरेंद्र कुमार पांडेय, माया सिंह, नीतू कुमारी, सुनीता कुमारी, साक्षरता विभाग के लिपिक मनोज कुमार समेत सैकडों प्रशिक्षु शिक्षा सेवी मौजूद थे।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.